Saturday, May 28, 2011

बादल कब तक धरती को छाँव देगा?


जितनी धरती झुलसी जाती,
वो उतना ही संचित करता है.
उसके त्यागे बूँद बूँद से,
अपनी सीमा विस्तृत करता है.
और फिर अपना ह्रदय बढाकर
अपनी छाँव बड़ा करता है.
फिर भी 'कितनी छाँव मिलेगी'
हर क्षण ये सोचा करता है.

बरबस फिर वो एक दिन यूँ
खुद ही में उमड़ पड़ता है.
टूट-टूट कर, गरज-बरस कर,
धरती को संतृप्त करता है.
क्या तोड़ अपनी सीमा वो,
बोलो कुछ ग़लत करता है?

आखिर बादल कब तक यूँ
धरती को छाँव देता!
Dedicated to my Dad

Saturday, April 23, 2011

इस पार प्रिये बस यादें हैं



एक सूनापन,एक खालीपन
बेनूर पड़ा मन का दर्पण.
उस पार तो हर क्षण जीवन था,
इस पार वही नीरस नर्तन.

उस पार प्रिये रस था उर में,
हर सांस में खुशबू बसती थी.
हर शब्द शहद सा मीठा था,
नयनों से नेह बरसती थी.

उस पार था मन संगीत भरा,
गीतों में प्रेम झलकता था.
हर मुखड़ा मनभावन लगता,
चहु-ओर स्नेह छलकता था.

उस पार तो जैसे अवनि पर
मुझको था अद्भुत स्वर्ग मिला.
उर से उर की बातें होतीं,
निजवर्ग मिला, सुखसर्ग मिला.

इस पार प्रिये बस यादें हैं,
पल चार बिताये जो तुम संग.
ना रस उर में ना कोई मधु,
बस मन का रंग- तुम्हारा 'रंग'.


Inspired by the poem:
"इस पार, प्रिये मधु है तुम हो,
उस पार न जाने क्या होगा! "
-हरिवंशराय 'बच्चन'

Saturday, March 26, 2011

छोटी सी बात


कौन सी समस्या है जिसका समाधान नहीं है!
या कि हार के बाद जीतने का विधान नहीं है!
बस इतना समझिये कि ज़िन्दगी आसान नहीं है.
हर बात मुमकिन है वहां, जहां अभिमान नहीं है.